कबीरधाम जिले के थाना सिटी कोतवाली और साइबर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए पूजा-पाठ के जरिए सोना डबल करने का झांसा देकर ठगी करने वाले एक आरोपी को महाराष्ट्र के जलगांव से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से नगदी रकम भी बरामद की है, जबकि इस सनसनीखेज वारदात में शामिल मुख्य आरोपी की तलाश लगातार जारी है।
घटना का विवरण

प्रार्थी छोटे लाल सोनी (निवासी सराफा लाइन, कवर्धा) का सराफा व्यवसाय है। गत 06 अक्टूबर 2026 को दो व्यक्ति उनकी दुकान पर पहुंचे और उन्हें विशेष पूजा-पाठ के माध्यम से सोना दोगुना (डबल) करने का लालच दिया। इसके बाद दुकान के सामने स्थित शक्ति मंदिर में पूजा-पाठ का नाटक कर उन्होंने प्रार्थी की सोने की चेन, अंगूठी और लॉकेट (कुल वजन 65.5 ग्राम, कीमत लगभग 7,00,000/- रुपये) ठग लिए और मौके से फरार हो गए। प्रार्थी की शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 456/2026, धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी से हुई पहचान
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया। इस दौरान एक आरोपी हसनैन नासिर अली ईरानी (पिता नासिर अली, उम्र 18 वर्ष, निवासी मोहम्मद अली रोड, खडका चौपल्ली, थाना बाजारपेठ, भुसावल, जिला जलगांव, महाराष्ट्र) की पहचान की गई।
महाराष्ट्र के स्थानीय पुलिस बल के सहयोग से आरोपी को नोटिस तामील कराया गया था। परंतु आरोपी द्वारा विवेचना में सहयोग न करने और शर्तों का उल्लंघन करने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया और कवर्धा ले आई।
नकदी बरामद और मुख्य आरोपी की तलाश जारी
थाने में प्रार्थी द्वारा आरोपी की विधिवत शिनाख्त कराई गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर इस धोखाधड़ी को अंजाम देना स्वीकार किया है। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर उसकी हिस्से की रकम में से बची 15,000/- रुपये नकद गवाहों के समक्ष जब्त किए गए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है। पुलिस टीम प्रकरण के मुख्य आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
सराहनीय पुलिस टीम
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने में पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, अमित कुमार पटेल व अखिलेश कौशिक, तथा उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय आशीष शुक्ला के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक लालजी सिन्हा एवं साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक उमाशंकर राठौर के नेतृत्व वाली संयुक्त पुलिस टीम की अहम और सराहनीय भूमिका रही।
