
■साजा/देवकर:- विगत दिनों बेमेतरा ज़िले सहित समूचे प्रदेशभर में अर्नब चक्रवात और अचानक हुई बेमौसम बारिश के कारण किसानों की फसलों को पहुँचे भारी नुकसान का जमीनी जायजा लेने के लिए प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में विगत 31 अक्टूबर को देवकर तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम अकलवारा में प्रशासनिक एवं कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दौरा कर फसल क्षति का बारीकी से निरीक्षण किया।
जिसमे इस संयुक्त निरीक्षण दल में देवकर तहसीलदार रश्मि दुबे, साजा के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी दिनेश कुमार धुर्वे और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी हिमांसू दहाते प्रमुख रूप से शामिल रहे। इस दौरान अधिकारियों ने खेतों में पहुँचकर चक्रवात और बारिश से तबाह हुई फसलों की स्थिति का मुआयना किया तथा किसानों से सीधे संवाद कर हुए नुकसान की पूरी जानकारी ली। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में प्रभावित कृषकगण भी मौके पर उपस्थित रहे।
साथ ही इस निरीक्षण दौरे के दौरान अधिकारियों ने किसानों को भरोसा दिलाया कि शासन-प्रशासन इस संकट की घड़ी में उनके साथ पूरी गंभीरता से खड़ा है। उन्होंने कृषि विस्तार अधिकारियों को जल्द से जल्द सर्वे कार्य पूरा कर अपनी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंपने के निर्देश दिए हैं, ताकि प्रभावित किसानों को नियमानुसार जल्द से जल्द उचित मुआवजा और राहत राशि प्रदान की जा सके।
