दुर्ग / खुर्सीपार। खुर्सीपार पुलिस ने बंद मकानों में हुई चोरी की दो वारदातों का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि इन घटनाओं में तीन विधि से संघर्षरत बालकों (नाबालिगों) की संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल सहित लगभग 1.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 13 और 14 नवंबर 2026 की दरम्यानी रात थाना खुर्सीपार क्षेत्र के दो बंद मकानों में चोरी हुई थी। पहली घटना में आरोपी खिड़की तोड़कर घर के भीतर घुसे और अलमारी का ताला तोड़कर 10 हजार रुपये नकद ले उड़े। इस मामले में अपराध क्रमांक 528/2026 (धारा 331(4), 305(अ) बीएनएस) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। वहीं, दूसरी घटना में बंद मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर, 1 लाख रुपये नकद, गैस सिलेंडर, LED टीवी, गैस चूल्हा और इंडक्शन सहित अन्य घरेलू सामान चोरी कर लिया गया, जिस पर अपराध क्रमांक 529/2026 (धारा 331(4), 305(1), 3(5) बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामलों की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण केवट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी आधार पर घेराबंदी कर शेखर गुप्ता (उम्र 26 वर्ष, निवासी HCL कॉलोनी, खुर्सीपार) को पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपी ने दोनों चोरियों में शामिल होने की बात स्वीकार की और तीन विधि से संघर्षरत बालकों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपी के पास से 14,750 रुपये नकद, करीब 52 ग्राम चांदी के आभूषण, 2 गैस सिलेंडर, 1 LED टीवी, 2 टीन तेल, 1 गैस चूल्हा, 1 इंडक्शन, 1 पेटी तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (क्रमांक CG07 CM 7021, अनुमानित कीमत 70 हजार रुपये) सहित कुल लगभग 1.50 लाख रुपये का माल जब्त किया है। शेष सामान की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
गिरफ्तार आरोपी शेखर गुप्ता को न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया है, जबकि तीनों विधि से संघर्षरत बालकों को आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया के बाद संप्रेक्षण गृह पुलगांव भेजा गया है। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घर से बाहर जाते समय दरवाजे-खिड़कियों को सुरक्षित रखें, कीमती सामान व अधिक नकदी घर में न रखें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।
