बेमेतरा/बेरला: बेमेतरा पुलिस ने चलती मोटरसाइकिल से महिला के गले से सोने का गुलबंद हार झपटने की वारदात का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी और चोरी का सोना खरीदने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से सोने के जेवरात और वारदात में इस्तेमाल बाइक सहित कुल करीब 2 लाख 36 हजार रुपये का सामान बरामद किया गया है। मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (IPS) ने किया।
यह थी पूरी घटना
16 नवंबर 2026 को ग्राम मलपुरीखुर्द (थाना नंदनी, जिला दुर्ग) निवासी गंगु राम यादव (38 वर्ष) ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 15 नवंबर की दोपहर करीब 3:15 बजे वे अपनी सास दुरपति यादव और पत्नी सोहद्रा यादव को बाइक पर बैठाकर ग्राम सोढ़ से बेरला होते हुए मलपुरीखुर्द जा रहे थे। उनके पीछे साढ़ू ओमप्रकाश यादव और साली रंजिता यादव दूसरी बाइक से आ रहे थे।
दुधनंगा नाला (बासा बेरला से रायपुर रोड के पास) पहुंचने पर सफेद गमछा बांधे एक अज्ञात बाइक सवार ने उनका पीछा किया और पीछे बैठी सोहद्रा यादव के गले से सोने का गुलबंद खींचकर फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 304(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी त्रिलोक बंसल के निर्देशन, एएसपी डॉ. हरीश यादव और एसडीओपी बेरला रूचि वर्मा के मार्गदर्शन में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक मयंक मिश्रा व बेरला थाना प्रभारी उप निरीक्षक राजकुमार साहू के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई।
तकनीकी और पारंपरिक तरीकों से जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम माटरा में एक व्यक्ति सोने के जेवर बेचने के लिए पूछताछ कर रहा है। इस पर पुलिस टीम ने ग्राम माटरा में दबिश देकर प्रणत पाल साहू (पिता लखन साहू, उम्र 35 वर्ष, निवासी माटरा, थाना नंदनी, जिला दुर्ग) को हिरासत में लिया।
पूछताछ में कबूले अन्य वारदातें, खरीदार भी गिरफ्तार
पूछताछ में आरोपी प्रणत पाल साहू ने बेरला की घटना के अलावा 12 नवंबर 2026 को धमधा थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी मेन रोड पर राहगीर से सोने का नेकलेस, मराठी माला के दो लॉकेट और 12 मटर दाना छीनने तथा धौराभाठा में सूने मकान का ताला तोड़कर नकदी चोरी करने की बात स्वीकार की। उसने यह भी बताया कि लूटे गए जेवर उसने जेवरा सिरसा और नंदनी खुदनी के सोनी ज्वेलर्स (संचालक भागवत सोनी) के पास बेचे हैं। प्रकरण में धारा 317(2) और 3(5) BNS जोड़ी गई है।
पुलिस ने आरोपी प्रणत पाल साहू के साथ चोरी का सोना खरीदने वाले दूसरे आरोपी हेमंत साहू (पिता रामअवतार साहू, उम्र 48 वर्ष, निवासी जेवरा सिरसा, जिला दुर्ग) को भी गिरफ्तार किया है।
यह सामान हुआ बरामद
- प्रणत पाल साहू से: मराठी माला के सोने के 2 लॉकेट, मंगलसूत्र का टुकड़ा, 12 सोने के मटर दाना और हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक (CG 07 DB 8211) — कुल कीमत लगभग 1,66,000 रुपये।
- हेमंत साहू से: टूटा हुआ सोने का नेकलेस — कीमत लगभग 70,000 रुपये।
पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रणत पाल साहू के खिलाफ बेरला और दुर्ग जिले के धमधा थाने सहित चोरी व झपटमारी के करीब 5 मामले दर्ज हैं। आरोपी प्रणत पाल साहू को 22 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है तथा दूसरे आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई में साइबर सेल और बेरला थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही।
