दुर्ग: जिले के थाना पुलगांव क्षेत्र अंतर्गत पुलगांव चौक पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मामूली विवाद के बाद एक कार चालक ने नशे की हालत में युवक को जोरदार टक्कर मारी और इसके बाद भी वाहन नहीं रोका, बल्कि उसे सड़क पर काफी दूर तक घसीटता चला गया। इस गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त कार को जप्त कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?
थाना पुलगांव पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अपने मित्रों भुवनेश्वर निषाद और हरि निषाद के साथ पुलगांव चौक स्थित पान ठेले के पास खड़ा था। इसी दौरान राजनांदगांव की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक कार (क्रमांक CG-04-HJ-9238) के चालक ने “मनीष गैरेज” में काम करने वाले विजय वैष्णव को टक्कर मार दी।
घटना के बाद विजय वैष्णव और कार चालक के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि कार चालक ने गाड़ी से उतरकर विजय के साथ मारपीट की और धमकी दी। इसके बाद विजय पैदल ही पोटिया की ओर जाने लगा।
गुस्से में आकर दिया खौफनाक अंजाम
दल-बल और गुस्से में अंधे हो चुके कार चालक ने “रुक, आज तुझे बताता हूं” कहते हुए अपनी गाड़ी से विजय का पीछा किया और जानबूझकर पीछे से उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद भी आरोपी का दिल नहीं पसीजा; उसने कार रोकने के बजाय पीड़ित को गाड़ी के नीचे फंसाकर काफी दूर तक (बालाजी स्वीट्स के पास से आगे तक) घसीटता चला गया।
मौके पर मौजूद पीड़ित के दोस्तों ने चीख-पुकार मचाई और कार रोकने का बार-बार प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने एक नहीं सुनी और गाड़ी भगाते हुए पीड़ित को लगातार घसीटता रहा। इससे विजय को गंभीर चोटें आईं और उसकी हालत काफी नाज़ुक हो गई। बाद में दोस्तों ने किसी तरह गाड़ी को रुकवाकर पीड़ित को छुड़ाया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलगांव पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 711/2026, धारा 109(1) BNS के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी वाहन स्वामी अजय कुमार गारूडीक (उम्र 56 वर्ष), निवासी बमलेश्वरी कॉलोनी, बोरसी (दुर्ग) को धर दबोचा। जिला अस्पताल में चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान आरोपी द्वारा शराब का सेवन किए जाने की पुष्टि हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
दुर्ग पुलिस की अपील:
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें। सड़क पर किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति में कानून को अपने हाथ में न लें। किसी की जान को खतरे में डालना एक गंभीर अपराध है। ऐसी किसी भी घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
