भिलाई:
दुर्ग जिले के थाना सुपेला क्षेत्र अंतर्गत निवेश के नाम पर ठगी करने वाले एक बड़े मामले में पुलिस ने एचएफ़डीसी (HDFC) बैंक के रिलेशनशिप मैनेजर को गिरफ्तार किया है। आरोपी बैंक में अपने पद का लाभ उठाकर बड़े खाताधारकों की जानकारी जुटाता था और उन्हें ‘गोल्ड ईटीवी’ में निवेश करने पर हर महीने 10 प्रतिशत लाभ का प्रलोभन देकर ठगी की वारदात को अंजाम देता था।
प्रार्थी की शिकायत और ठगी का तरीका
प्रार्थी राजू नामदेव (निवासी सेक्टर-07, भिलाई) ने थाना सुपेला में शिकायत दर्ज कराई थी कि योगेश साहू और अन्य आरोपियों ने उन्हें प्रतिमाह 10 प्रतिशत लाभांश का झांसा दिया। आरोपियों ने अन्य ग्राहकों के बैंक स्टेटमेंट दिखाकर योजना को भरोसेमंद बताया और 21 मार्च 2025 को प्रार्थी से 15 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। शुरुआत में कुछ लाभांश दिया गया, लेकिन बाद में भुगतान बंद कर दिया गया और टालमटोल की जाने लगी। जांच में सामने आया कि अन्य निवेशकों से भी इसी तरह बड़ी रकम ठगी गई है।
बैंक मैनेजर की थी संलिप्तता
विवेचना के दौरान निवेशकों (मोहम्मद रफी, साधना मिश्रा, शिबा शेख आदि) के कथन और बैंक दस्तावेजों की जांच से आरोपी राजकुमार तिवारी की भूमिका उजागर हुई। पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि:
- आरोपी राजकुमार तिवारी HDFC बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत था।
- वह बैंक के बड़े खाताधारकों की गोपनीय जानकारी प्राप्त कर निवेशकों को गोल्ड ईटीवी में निवेश के लिए प्रेरित करता था।
- वह निवेशकों से चेक लेकर मुख्य आरोपी योगेश साहू के खाते में जमा करता था और निवेशकों का विश्वास जीतने के लिए शुरुआती लाभांश की राशि अपने खाते से देता था।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण
- नाम: राजकुमार तिवारी (उम्र 37 वर्ष)
- निवासी: एलआईजी क्वार्टर नंबर 11/3, नेहरू नगर ईस्ट, भिलाई, थाना सुपेला, जिला दुर्ग।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर थाना सुपेला पुलिस ने आरोपी राजकुमार तिवारी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुपेला एस.एन. सिंह, उप निरीक्षक धनेश्वर साहू, आरक्षक कमल साहू और प्रदीप सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी वैधता की अच्छी तरह जांच कर लें और लुभावने या असामान्य रूप से अधिक मुनाफे वाले प्रलोभनों के झांसे में न आएं।
