
■बेमेतरा/बेरला:- बेरला के शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर और पहुंच मार्ग को हरा-भरा बनाने का दावा करने वाली वन विभाग और कॉलेज प्रबंधन की संयुक्त पौधरोपण मुहिम प्रशासनिक घोर लापरवाही और उदासीनता के कारण पूरी तरह जमींदोज हो चुकी है। कॉलेज कैंपस में पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली बढाने के मकसद से कुछ महीने पहले कॉलेज स्टाफ और वन कर्मियों ने मिलकर विगत वर्ष बड़ी संख्या में पौधे तो रोप दिए, लेकिन फोटो खिंचवाने और औपचारिकता पूरी करने के बाद जिम्मेदार इन्हें पानी देना और इनकी सुध लेना ही भूल गए। कॉलेज प्रबंधन द्वारा न तो इन पौधों की सुरक्षा के लिए कोई पुख्ता इंतजाम किए गए और ना ही भीषण गर्मी व मौसम के थपेड़ों से बचाने के लिए निरंतर पानी देने की कोई व्यवस्था की गई, जिसके चलते सिंचाई के घोर अभाव में ये नवजात पौधे समय से पहले ही सूखकर पूरी तरह नष्ट हो चुके हैं। सरकारी बजट और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को ठेंगा दिखाती इस लापरवाही की गवाही आज कॉलेज कैंपस खुद दे रहा है, जहाँ हरियाली की जगह अब सिर्फ मरे हुए पौधों के सूखे ठूंठ नजर आ रहे हैं, जो जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली और उनकी कथनी-करनी के अंतर पर एक बड़ा सवालिया निशान खड़ा करते हैं।

