राजनांदगांव (छत्तीसगढ़)। कोतवाली थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने चाकू दिखाकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले और पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए आरोपियों को दोबारा गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल, स्कूटी, नगद रकम और स्प्रिंगदार चाकू समेत कुल 1,13,200 रुपये का मशरूका जब्त किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है, जबकि एक आरोपी फरार है।
कैसे हुई लूट की वारदात
पुलिस के अनुसार, 25 नवंबर 2026 की रात करीब 3 बजे गोल बाजार सब्जी मंडी निवासी 69 वर्षीय प्रार्थी श्रीकांत गुप्ता शादी समारोह से घर लौट रहे थे। सीआईटी बायपास चौक के पास सफेद स्कूटी सवार तीन युवकों ने रास्ता पूछने के बहाने उन्हें रोका और चाकू दिखाकर मोबाइल व करीब 3,500 रुपये लूट लिए। इस मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 733/2026 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
इसी तरह 25 नवंबर की सुबह करीब 6 बजे बिजली ऑफिस लखोली के पास भर्रेगांव निवासी तामेश्वर कुमार साहू से चाकू दिखाकर मोबाइल व 700 रुपये लूटने के मामले में अपराध क्रमांक 732/2026 के तहत मामला दर्ज था।
पुलिस अभिरक्षा से भागे, खंडहर के पास दबोचे गए
लूट के मामलों में पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए आरोपी विशाल बांसफोड़ (उम्र 22 वर्ष, निवासी बैगापारा लखोली, अटल आवास, वार्ड क्रमांक 29, राजनांदगांव) और एक विधि से संघर्षरत बालक पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गए थे। इस पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 735/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू की गई।
एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन, एएसपी कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और डीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस व साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कन्हारपुरी स्थित खंडहर के पास अंधेरे में भागने का प्रयास कर रहे आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
जब्त सामग्री व जोड़ी गई धाराएं
आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने 3,200 रुपये नगद, 60,000 रुपये कीमत के 03 मोबाइल, 50,000 रुपये कीमत की स्कूटी (कुल मशरूका 1,13,200 रुपये) और एक स्प्रिंगदार चाकू जब्त किया है।
पूर्ववर्ती आपराधिक रिकॉर्ड और संगठित गतिविधि को देखते हुए प्रकरण में बीएनएस की धारा 111 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 जोड़ी गई है। 27 नवंबर 2026 को आरोपी विशाल बांसफोड़ को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया और विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। फरार आरोपी अनुख बांसफोड़ की तलाश जारी है।
