
कवर्धा:-जिले की व्यस्त और घुमावदार चिल्फी घाटी में शनिवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। दोपहर से शुरू हुआ जाम देर शाम तक बना रहा, जिससे घाटी के दोनों छोर पर करीब 400 बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। महज 4 किलोमीटर के दायरे में हुई इन दोनों दुर्घटनाओं ने प्रशासनिक व्यवस्था और ट्रैफिक कंट्रोल की पोल खोल दी, जिससे वाहन चालकों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

नागमोरी मोड़ के पास हुई पहली टक्कर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहली दुर्घटना चिल्फी थाना क्षेत्र के अंतर्गत घाट के नागमोरी मोड़ से कुछ दूरी पर हुई। यहां लोहे से भरी एक ट्रेलर वाहन की सामने से आ रहे एक अन्य ट्रक के साथ आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस टक्कर के ठीक बाद, लकड़ी से भरा एक माजदा वाहन भी दूसरी दिशा से आकर इनसे जा टकराया। हादसा इतना भयानक था कि वाहनों के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हालांकि, गनीमत यह रही कि तेज रफ्तार के बावजूद वाहन चालकों को ज्यादा गंभीर चोटें नहीं आईं।

राज्य सरहद के पास हुई दूसरी दुर्घटना
पहली घटना के कुछ ही दूरी पर घाटी के ऊपर चिल्फी गांव के पास राज्य सरहद क्षेत्र में दूसरी दुर्घटना हुई। यहां भी दो भारी वाहनों की जबरदस्त भिड़ंत हो गई, जिसके चलते आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। दोनों घटनाएं केवल 4 किलोमीटर के दायरे में हुईं, जिससे पूरे चिल्फी घाट क्षेत्र में भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई।
घंटों फंसे रहे वाहन, चरमराई व्यवस्था
दोपहर से लेकर देर शाम तक लगे इस भीषण जाम में लगभग 400 बड़े वाहन फंस गए। वाहनों की लंबी कतारें लग जाने के कारण यात्रियों और ड्राइवरों को घंटों भूखे-प्यासे सड़क पर ही इंतजार करना पड़ा। स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारू बनाने और वाहनों को निकलवाने के लिए लगातार मशक्कत करती नजर आई।
