दुर्ग। मोहन नगर पुलिस ने आशा नगर क्षेत्र में हुई चोरी की एक बड़ी वारदात को सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी के जेवरात बेचने से मिली नगद राशि बरामद की है। पकड़ा गया आरोपी उत्तर प्रदेश का निवासी है जो सूने मकानों की रेकी कर वारदात को अंजाम देता था।
सूने मकान में दी थी दबिश
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आशा नगर निवासी अमरजीत सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अक्टूबर-नवंबर 2025 के दौरान जब उनका परिवार बाहर था, तब अज्ञात चोर ने उनके सूने मकान का ताला तोड़कर हीरे, सोने-चांदी के आभूषण और नगदी पार कर दी थी। पुलिस ने इस मामले में धारा 331(4) और 305 BNS के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।
सीसीटीवी से मिला सुराग
घटना के बाद से ही मोहन नगर पुलिस की टीम आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही थी। फुटेज के सूक्ष्म विश्लेषण के बाद संदेही की पहचान रविन्द्र पाल गौतम उर्फ राहुल सागर (32 वर्ष) के रूप में हुई। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया, जिसने पूछताछ में चोरी की बात कबूल कर ली।
नगदी बरामद, आरोपी जेल रवाना
आरोपी ने बताया कि उसने चोरी के आभूषण बेच दिए थे। पुलिस ने उसके कब्जे से आभूषणों की बिक्री से प्राप्त 4,500 रुपये बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में मोहन नगर थाना स्टाफ की विशेष भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की सुरक्षा सलाह
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जब भी घर को सूना छोड़कर बाहर जाएं, तो पड़ोसियों को सूचित करें और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।

