बोरतरा (साजा)। साजा विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम खैरी में इन दिनों खुशी और गर्व का माहौल है। संकुल केंद्र बोरतरा के शासकीय प्राथमिक शाला खैरी के तीन प्रतिभावान छात्रों— पुष्पा जंघेल, पूर्वी जंघेल और वैभव जंघेल ने जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल कर गांव का नाम रोशन किया है।
गांव में बधाई देने वालों का लगा तांता
जैसे ही नवोदय चयन का परीक्षा परिणाम घोषित हुआ, समूचे गांव में हर्ष की लहर दौड़ गई। बच्चों की इस बड़ी उपलब्धि पर ग्रामीणों, शिक्षकों और परिजनों के बीच जश्न का माहौल रहा। सफलता की खबर मिलते ही बच्चों के घरों में बधाई देने वालों और आशीर्वाद देने वालों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि इन बच्चों ने अपनी कुशाग्र बुद्धि और मेहनत से यह सिद्ध कर दिया है कि “होनहार बिरवान के होत चिकने पात”।
गुरुओं का मार्गदर्शन और कठिन परिश्रम
इन बच्चों की इस स्वर्णिम सफलता के पीछे उनके शिक्षकों का निस्वार्थ समर्पण और कठिन परिश्रम छिपा है। शाला की शिक्षिका श्रीमती दीपिका वर्मा का बच्चों के प्रति विशेष लगाव और उनकी पढ़ाई के प्रति समर्पण ने इस सफलता की नींव रखी। वहीं, बच्चों की इस उपलब्धि का मुख्य श्रेय शासकीय प्राथमिक शाला पिपरिया के प्रधान पाठक एवं ‘नवोदय गुरु’ के नाम से विख्यात डोगेंद्र वर्मा को जाता है। उनके कुशल मार्गदर्शन, सेवा भाव और निरंतर प्रयासों की बदौलत ही बच्चे इस कठिन प्रतियोगी परीक्षा में सफल हो पाए हैं।
उज्ज्वल भविष्य की कामना
शाला के प्रधान पाठक नेमी राम रजक ने बच्चों की इस सफलता पर अत्यधिक प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि इन बच्चों ने न केवल स्कूल, बल्कि पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उन्होंने बच्चों को मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।
